नई दिल्ली 26 April (RNS)| आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले राज्य सभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह की सुरक्षा को पंजाब सरकार ने वापस ले लिया है। दरअसल, हरभजन सिंह AAP पार्टी के उन सात सांसदों में से है, जिन्होंने हाल ही में पार्टी से इस्तीफा दिया है।
राज्य सभा सासंद हरभजन सिंह के निजी सहायक मनदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब की भगवंत मान सरकार ने अचानक कार्रवाई करते हुए उनकी पूरी सुरक्षा हटा ली है। सांसद के घर के बाहर करीब 10 सुरक्षाकर्मी थे, जिन्हें अब हटा लिया गया है। इसके अलावा उन्हें दी गई सरकारी कार भी वापस ले ली है।
बता दें कि पंजाब सरकार ने यह फैसला ऐसे समय लिया है, जब उनके आवास के बाहर काले रंग से ‘पंजाब का गद्दार’ लिख दिया गया। AAP छोड़ने वाले सातों सांसदों के खिलाफ गुस्सा अब सड़क पर भी नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी पहनकर विरोध प्रदर्शन किया था।

