नई दिल्ली ,15 जनवरी (आरएनएस)। सेना दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और निस्वार्थ सेवा को सलाम किया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमारे वीर जवानों, पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। खर्गे ने भारतीय सेना को राष्ट्र की अडिग ढाल बताते हुए कहा कि सेना कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करती है, आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों के दौरान स्थिरता बनाए रखती है और प्राकृतिक आपदाओं के समय निस्वार्थ सहयोग प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि जवानों का अदम्य साहस, उच्च पेशेवर दक्षता और बलिदान की भावना देश को सुरक्षित रखती है, जिसके लिए पूरा राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सेना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में हर समय तत्पर रहने वाले हमारे वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सेना दिवस की हार्दिक बधाई। राहुल गांधी ने जवानों के साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।
क्यों मनाया जाता है सेना दिवस
भारत में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1949 की उस ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है, जब फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा ने भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदभार संभाला था। यह दिवस भारतीय सेना के स्वदेशी नेतृत्व और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

