मेरठ 15 जनवरी (आरएनएस)। सरधना क्षेत्र के ज्वालागढ़ गांव में हुई सोनू कश्यप की हत्या को लेकर बुधवार को सपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सपा के किठौर विधायक शाहिद मंजूर और अन्य पदाधिकारी कमिश्नरी चौराहे से पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी बृजेश सिंह को दिया।
विधायक शाहिद मंजूर ने कहा कि भाजपा सरकार कानून का राज कायम करने की बात करती है, लेकिन इस सरकार में अपहरण, हत्या, दुष्कर्म आम बात हो गई है। गुंडों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही। जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने कहा कि ज्वालागढ़ में सोनू कश्यप को जिंदा जलाकर मार दिया गया। पुलिस ने एक नाबालिग को जेल भेजकर जिम्मेदारी पूरी कर ली, जबकि हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों को पुलिस बचा रही है।
ज्ञापन में मृतक सोनू के स्वजन को एक करोड़ रुपये मुआवजा, एक मकान, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की गई है। इस दौरान विधायक ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि जितनी भ्रष्ट पुलिस अब बनी हुई है, उतनी किसी सरकार में नहीं रही। इस दौरान महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, मनोज चपराना, जितेंद्र गुर्जर, इमरान आदि लोग प्रदर्शन में मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

