मिल्कीपुर-अयोध्या 15 जनवरी (आरएनएस)। कुमारगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें क्रिकेट खेलकर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक स्कूटी से रानीगंज में क्रिकेट खेलने गए थे और वापस लौटते समय पिठला चौराहे के पास यह दुर्घटना हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेक राय, निवासी कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, और विवेक पांडेय निवासी मिल्कीपुर स्कूटी से अयोध्यादृरायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-330) से होकर लौट रहे थे। जैसे ही वे कुमारगंज थाना क्षेत्र के पिठला चौराहे के पास पहुंचे, अचानक स्कूटी का ब्रेक जाम हो गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस व निजी साधनों की मदद से संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, कुमारगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विवेक राय की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। विवेक राय के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं विवेक पांडेय के पैर में चोट लगी है और उनका इलाज कुमारगंज अस्पताल में जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

