नईदिल्ली,16 जनवरी। वनडे क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का शतक लगाना या बड़ी पारी खेलना आम बात है, लेकिन मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाना बल्लेबाजी कौशल का दर्शाता है। गत 14 जनवरी को भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतकीय पारी (112*) खेली है। आइए वनडे क्रिकेट में नंबर-5 सर्वाधिक शतक जडऩे वाले भारतीयों पर नजर डालते हैं।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह वनडे क्रिकेट में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक शतक जडऩे वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस नंबर पर कुल 7 शतक जड़े हैं। उन्होंने 92 पारियों में नंबर-5 पर खेलते हुए 39.48 की औसत से 3,040 रन बनाए थे। इसमें 7 शतक और 18 अर्धशतक शामिल रहे। उन्होंने अपने पूरे करियर में 304 मैचों की 278 पारियों में 36.55 की औसत से 8,701 रन बनाए थे। इनमें 14 शतक और 52 अर्धशतक शामिल थे।
इस सूची में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने नंबर-5 पर कुल 4 शतक जड़े हैं। उन्होंने 83 पारियों में नंबर-5 पर खेलते हुए 50.30 की औसत से 3,169 रन बनाए थे। इसमें 18 अर्धशतक भी शामिल रहे। उन्होंने अपने पूरे करियर में 350 मैचों की 297 पारियों में 50.57 की औसत से 10,773 रन बनाए थे। इनमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 183 रन का रहा था।
इस सूची में राहुल अब तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वह नंबर-5 पर अब तक कुल 3 शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने 33 पारियों में नंबर-5 पर खेलते हुए 64.21 की औसत से 1,477 रन बनाए थे। इसमें 10 अर्धशतक भी शामिल रहे। उन्होंने अपने पूरे करियर में 93 मैचों की 85 पारियों में 51.67 की औसत से 3,359 रन बनाए थे। इनमें 8 शतक और 20 अर्धशतक शामिल थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 112 रन का रहा था।
इस सूची में पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना भी तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने नंबर-5 पर कुल 3 शतक अपने नाम किए थे। उन्होंने 82 पारियों में नंबर-5 पर खेलते हुए 35.47 की औसत से 2,448 रन बनाए थे। इसमें 15 अर्धशतक भी शामिल रहे। उन्होंने अपने पूरे करियर में 226 मैचों की 194 पारियों में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए थे। इनमें 5 शतक और 36 अर्धशतक शामिल थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 116 रन का रहा था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

