कोरिया,22 जनवरी (आरएनएस)।जिले के देवगढ़ वन परीक्षेत्र अंतर्गत कैलाशपुर सर्कल में वन संरक्षण को लेकर वन विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं को कच्ची लकड़ी नहीं काटने की समझाइश दी जा रही है।

वन कर्मियों द्वारा महिलाओं को बताया गया कि कच्ची लकड़ी काटने से वनों को गंभीर नुकसान पहुंचता है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ता है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कच्ची लकड़ी काटने के मामलों में आवश्यक कार्रवाई भी की गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी देवगढ़ के निर्देशानुसार सतत ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर स्टाफ एवं ग्रामीणों को वनों की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिलाओं को जंगल में गिरी पड़ी सूखी लकड़ी ही संग्रह करने की सलाह दी गई, ताकि ईंधन की आवश्यकता भी पूरी हो सके और हरे-भरे वनों की रक्षा भी हो।

वन विभाग का उद्देश्य ग्रामीणों की सहभागिता से वनों का संरक्षण करना और भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना है।

