नई दिल्ली 23 Jan, (Rns) । अब ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेना वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने मोटर वाहन नियमों में अहम बदलाव किए हैं। नए नियमों के तहत अब बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यदि कोई चालक एक वर्ष में 5 या उससे अधिक बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जा सकता है। यह नियम 1 जनवरी से लागू हो चुका है।
सरकार का कहना है कि यह कदम उन चालकों पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है जो बार-बार रेड लाइट जंप, बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज रफ्तार या अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लेते।
नई व्यवस्था के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की डिजिटल एंट्री की जाएगी और बार-बार नियम तोड़ने पर सीधे लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

