वाशिंगटन ,24 जनवरी । अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां घरेलू कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। यहां भारतीय मूल के एक 51 वर्षीय व्यक्ति विजय कुमार ने अपनी ही पत्नी और तीन अन्य रिश्तेदारों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और इसे घरेलू हिंसा का गंभीर मामला बताया है।
शुक्रवार तड़के 2.30 बजे गूंजी गोलियों की आवाज
घटना शुक्रवार तड़के करीब 2.30 बजे की है, जब ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में गोलीबारी की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम घर के अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गई। वहां चार लोगों के शव पड़े थे, जिन्हें गोलियों से छलनी किया गया था। मृतकों की पहचान आरोपी की पत्नी मीमु डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरिश चंदर (38) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला है कि विजय और उसकी पत्नी के बीच पहले उनके अटलांटा स्थित घर पर बहस हुई थी। इसके बाद वे अपने बच्चे के साथ रिश्तेदारों के घर पहुंचे, जहां विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि आरोपी ने चार लोगों की जान ले ली।
12 साल के बच्चे की सूझबूझ से पहुंची पुलिस
इस खौफनाक मंजर के बीच घर में मौजूद तीन बच्चों ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी शुरू होते ही तीनों बच्चे डरकर एक अलमारी में छिप गए थे। इनमें आरोपी विजय कुमार का 12 वर्षीय बेटा भी शामिल था, जिसने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उसने अलमारी के अंदर से ही 911 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसी कॉल की वजह से पुलिस चंद मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकी। राहत की बात यह है कि बच्चों को कोई शारीरिक चोट नहीं आई है और उन्हें सुरक्षित परिवार के अन्य सदस्यों को सौंप दिया गया है।
जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी, भारतीय दूतावास ने जताया दुख
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विजय कुमार मौके से पैदल ही फरार हो गया था, जबकि उसका वाहन घर के बाहर ड्राइववे में खड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ्य-9 यूनिट (खोजी कुत्तों) की मदद से आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी को पास के ही एक जंगलनुमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इस दुखद घटना पर अटलांटा स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि वे इस पारिवारिक त्रासदी से बेहद आहत हैं और पीडि़त परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

