भुवनेश्वर,24 जनवरी (आरएनएस)। भारत आज़ादी की लड़ाई के महान नायक और प्रखर देशभक्त नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती मना रहा है। इसी अवसर पर ओडि़शा के युवा सत्य सुतार ने जापान की राजधानी टोक्यो स्थित पवित्र रेंकोजी मंदिर में नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर सत्य सुतार ने कहा कि रेंकोजी मंदिर केवल एक स्थान नहीं, बल्कि भारत के गौरव, संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नेताजी केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे भारत की आत्मा और आज़ादी की लड़ाई की दहाड़ हैं।
उन्होंने बताया कि जापान की धरती से ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आज़ाद हिंद सरकार का गठन किया, इंडियन नेशनल आर्मी को संगठित किया और भारत को गुलामी से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। सत्य सुतार ने जापान से देशवासियों से अपील की कि वे नेताजी के सपनों का मजबूत, आत्मनिर्भर और गौरवशाली भारत बनाने के लिए एकजुट हों।
गौरतलब है कि सत्य सुतार हर वर्ष नेताजी की जयंती पर अलग-अलग ऐतिहासिक स्थानों पर श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में वियतनाम के साइगॉन, 2023 में थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक स्थित रॉयल होटल के सामने, 2024 में अंडमान-निकोबार के पोर्ट ब्लेयर और 2025 में मणिपुर के इंफाल स्थित मोइरंग माटी में नेताजी को नमन किया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

