गुजरात / 24 jan (rns) /- गुजरात में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने खैर की लकड़ी तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में अहम कार्रवाई की है। ईडी ने पंचमहल जिले के गोधरा शहर में खैर की लकड़ी तस्करी रैकेट से जुड़े आरोपियों की करीब ₹11.3 करोड़ मूल्य की 14 अचल संपत्तियों को जब्त किया है।
ईडी अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। जांच में सामने आया कि खैर की लकड़ी की अवैध तस्करी से भारी मात्रा में काला धन अर्जित किया गया, जिसे बाद में अचल संपत्तियों में निवेश किया गया।
प्रवर्तन निदेशालय को खुफिया जानकारी मिली थी कि गोधरा और आसपास के इलाकों में खैर की लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है। इसी आधार पर ईडी ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त किया।
अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई संपत्तियों में मकान, प्लॉट और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
ईडी की इस कार्रवाई को राज्य में अवैध लकड़ी तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

