नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र से पहले सरकार ने विधायी और अन्य एजेंडों पर चर्चा के लिए 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के साथ शुरू होगा।
केंद्रीय बजट इस बार एक फरवरी को पेश किया जाएगा, जो कि रविवार है। यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट होगा। सरकारी सूत्रों के अनुसार, ”संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक 27 जनवरी को सुबह 11 बजे संसद भवन के मुख्य समिति कक्ष में होगी।”
बजट सत्र 2 अप्रैल तक चलेगा। पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और संसद नौ मार्च को पुन: सत्र शुरू करेगी। एक आंतरिक परिपत्र के अनुसार, लोकसभा ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अस्थायी रूप से तीन दिन (दो से चार फरवरी) आवंटित किए हैं।

