मां काली के दर्शन कर सपा प्रमुख ने की बंगाल की सीएम से भेंट
कोलकाता। पहले अपनी पत्नी सहित शक्तिपीठ कालीघाट में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मां काली के दर्शन कर पूजा अर्चना की और फिर सीएम ममता ने मिलने गए। राज्य सचिवालय नबान्न में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठक की और फिर मीडिया को सम्बोधित किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि देश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रभावी ढंग से चुनौती देने की क्षमता केवल ममता बनर्जी में ही है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी चौथी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनेंगी। पूरे देश में भाजपा का मजबूती से मुकाबला केवल ममता ही कर रहीं है। अखिलेश ने राज्य सचिवालय में ममता बनर्जी से मुलाकात की। बैठक करीब 40 मिनट चली। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि ममता बनर्जी जिस तरह भाजपा का मुकाबला कर रही हैं, वही सही तरीका है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) की प्रोसेस चला रही है। इसका मकसद देश की धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को कमजोर करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की आड़ में एनआरसी लागू करने की कोशिश हो रही है। आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम लिस्ट से हटाए गए। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग का काम वोटर्स की संख्या बढ़ाना है, न कि घटाना, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि आयोग और भाजपा मिलकर वोट कम करने की कोशिश कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा, दीदी के सामने ईडी हार चुकी है और अब भाजपा की हार तय है। पूरे देश में भाजपा का मुकाबला केवल दीदी ही कर सकती हैं।
अखिलेश यादव ने इस दौरान आईपैक के कार्यालय और उसके प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर हुई ईडी की छापेमारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पेनड्राइव विवाद और केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा अब भी इस मुद्दे को भुला नहीं पाई है। उनका आरोप था कि बंगाल में ममता बनर्जी द्वारा ईडी को मात दिए जाने की सच्चाई को भाजपा स्वीकार नहीं कर पा रही है। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने आरोप लगाया कि बंगाल में हार की आशंका से भाजपा वोट काटने के उद्देश्य से एसआईआर का सहारा ले रही है। अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा चुनाव आयोग को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। अखिलेश यादव ने दोहराया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा का भविष्य उज्ज्वल नहीं है और ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। ममता बनर्जी और अखिलेश यादव संयुक्त रूप से मीडिया के सामने आए। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच यह एक संक्षिप्त शिष्टाचार भेंट थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

