जौनपुर 9 नवंबर (आरएनएस ) जंघई रेलवे फाटक संख्या 51बी पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य शुरू होते ही स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि फ्लाईओवर बनने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा।मछलीशहर से जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर स्थित इस फाटक पर रोजाना लगने वाले जाम से निपटने के लिए रेलवे ने फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की है। मिट्टी की जांच के बाद रास्ते के डायवर्जन के लिए पत्थर गिराने का काम शुरू होते ही जंघई फाटक के दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में लोगों ने इस निर्माण के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि फ्लाईओवर बनने से उनकी दुकानें प्रभावित होंगी और व्यापार ठप हो जाएगा। रेलवे का कहना है कि वे किसी की दुकान नहीं तोड़ रहे हैं, बल्कि अपनी जमीन पर फ्लाईओवर बना रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि यार्ड रिमॉडलिंग के कारण फाटक को अन्यत्र शिफ्ट करना पड़ा था, जिससे फाटक पर लंबा जाम लगने लगा था। उन्होंने आगे कहा कि जाम के कारण ट्रेनें भी लेट होती थीं, इसलिए रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कर रहा है। फ्लाईओवर बन जाने से बड़े वाहन आसानी से गुजर सकेंगे, जिससे व्यापारियों का व्यापार और बढ़ेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

