भोपाल 30 जनवरी (आरएनएस)।भोपाल क्राइम ब्रांच ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की चपत लगाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरोह में शामिल ये आरोपी अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को बेचते थे, जिनका उपयोग देशभर में ठगी के पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। आरोपियों मंदसौर जिले के भावगढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों को पूछताछ के बाद कोर्ट पेश किया है।
मिसरौद निवासी सुनील वर्मा (परिवर्तित नाम) ने 4 अगस्त 2024 को साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक फर्जी ‘स्टॉक एप्लीकेशनÓ के माध्यम से उन्हें शेयर मार्केट में निवेश करने और कई गुना लाभ दिलाने का झांसा दिया गया।
इस झांसे में आकर उन्होंने कुल 9,91,900 रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने शिकायत की थी।
भावगढ़ से आरोपियों को पकड़ा शिकायत के बाद साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी एनालिसिस, बैंक खातों के विवरण और मोबाइल नंबरों की जांच की।
जांच की कडिय़ां मंदसौर जिले से जुड़ीं, जिसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम भावगढ़ में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान गुलशेर खान और रजनीश बारेठ के रूप में हुई हैं।
पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल 2 मोबाइल फोन और 2 सिम कार्ड भी जब्त किए हैं। जांच में पता चला है कि इनके द्वारा बेचे गए खातों से देश के अन्य राज्यों में भी धोखाधड़ी की गई है। फिलहाल साइबर पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

