भोपाल 30 जनवरी (आरएनएस)।महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर भोपाल में कांग्रेस ने एक पदयात्रा का आयोजन किया। भोपाल के इकबाल मैदान से गांधी भवन तक पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व सांसद सुरेन्द्र सिंह ठाकुर, सैयद साजिद अली और सम्यक अभियान के प्रमुख भास्कर रोकड़े मौजूद थे।
पदयात्रा के पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा आज महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है। आज के ही दिन 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने उनकी हत्या कर दी थी। महात्मा गांधी ने 11-12 सितंबर 1929 को भोपाल के बेनजीर मैदान पर सभा को संबोधित किया था। उस सभा में उन्होंने कहा था कि देश में रामराज्य स्थापित करना है।
महात्मा गांधी से पूछा गया कि रामराज्य की अवधारणा से क्या तात्पर्य है? तो उन्होंने कहा था ईश्वर का राज, जिसमें राम और रहीम सबको बराबर मानता हूं। ऐसे रामराज्य की कल्पना है, जो ईश्वरीय राज हो। भगवान राम को हम ईश्वर मानते हैं। उनके राज में जिस तरह से छोटे से छोटे और बड़े से बड़े आदमी को न्याय मिलता था। वो उनकी अवधारणा थी इसलिए, चलें रामराज्य की ओर अभियान चलाया गया है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा एक आदर्श राज की स्थापना के लिए यह अभियान चलाया गया था। बापू ने भोपाल के इकबाल मैदान पर चरखा भी चलाया था। उसी की याद में एक पदयात्रा इकबाल मैदान से गांधी भवन तक निकाली गई है। आगे चलकर यह अभियान पूरे प्रदेश और देश में चलेगा, जिसे कांग्रेस पार्टी पूरा समर्थन देगी।

