लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि झूठे एनकाउंटर प्रशासन को भ्रष्ट करते हैं। अदालत के अलावा किसी अन्य द्वारा सज़ा देना स्वयं में एक गुनाह है। उन्होंने कहा कि कानून और संविधान के तहत न्याय देने का अधिकार केवल न्यायालय को है, न कि किसी सरकार या पुलिस को।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में बड़े पैमाने पर फर्जी एनकाउंटर हुए हैं। इस दौरान कई निर्दोष लोगों की जान चली गई और अनेक परिवार पूरी तरह बर्बाद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं तथा आम जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा है। फर्जी एनकाउंटर के नाम पर हत्याएं की गई हैं और सरकार के इशारे पर पुलिस को बेलगाम कर दिया गया है। स्थिति यह है कि अब स्वयं न्यायालयों को भी नाराजग़ी व्यक्त करनी पड़ रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार असली अपराधियों को संरक्षण देती है, जिसके कारण अपराध, भ्रष्टाचार, हेराफेरी और मिलावटखोरी पर कोई प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर सरकार भय का माहौल पैदा करना चाहती है। संविधान और कानून का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती में भी भेदभाव किया जाता है। सत्ता के संरक्षण में कुछ चहेते अधिकारी मनमानी करते हैं और कानून को अपने हाथ में ले लेते हैं। उन्होंने झांसी में पुष्पेंद्र और नोएडा के फर्जी एनकाउंटर का हवाला देते हुए कहा कि ये घटनाएं सरकार की कार्यशैली को उजागर करती हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश की जनता अब भाजपा को हटाने के लिए पूरी तरह तैयार है और वर्ष 2027 में भाजपा के अन्यायी शासन का अंत सुनिश्चित करेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

