लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत थाना वजीरगंज पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 30 जनवरी 2026 को थाना वजीरगंज की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा वांछित अभियुक्तों की तलाश में माल गोदाम तिराहे पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन (सीटीई), लखनऊ के गेट के पास सिटी स्टेशन के सामने एक व्यक्ति चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद राशिद पुत्र मोहम्मद अयूब, निवासी साहिल नेशनल पब्लिक स्कूल के पास, मौलवीगंज चिकमंडी, थाना अमीनाबाद, लखनऊ, उम्र करीब 27 वर्ष बताया। अभियुक्त के पास से एक लाल रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने उक्त स्कूटी चरक चौराहा पुल के पास से एक दिन पूर्व रात्रि करीब 9 बजे चोरी की थी।बरामद स्कूटी के संबंध में जांच करने पर पता चला कि स्कूटी संख्या यूपी 32 डीआर 8323 के संबंध में थाना चौक में पहले से ही मुकदमा अपराध संख्या 18/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत है। बरामदगी के आधार पर थाना वजीरगंज में मुकदमा अपराध संख्या 20/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी की इस कार्रवाई में थाना वजीरगंज की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

