लालगंज, प्रतापगढ़ ,31 जनवरी (आरएनएस)। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती के साथ हुई अभद्रता की घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। क्षेत्र की एक युवती कोतवाली क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर अपनी मां व भाई के साथ रहती है। पीडि़त छात्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि बीती उन्तीस जनवरी को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह कोचिंग जा रही थी। इस बीच रास्ते में मिले लालूपुर लालगंज निवासी विपिन रावत पुत्र राधेश्याम ने उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और कस्बा स्थित एक डांस एकेडमी में ले गया। आरोप है कि यहां आरोपी युवक ने पीडिता छात्रा के मांग में सिंदूर लगाकर मंगलसूत्र भी पहना दिया। अगले दिन मंदिर में विवाह की बात करते हुए छोड़ दिया। पीडि़ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने उप निरीक्षक दीपिका सिंह व बृजेश कुमार की अगुवाई में घेराबंदी करके आरोपी युवक को संगियापुर मोड़ से धर दबोचा। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को जेल भेज दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

