देहरादून,31 जनवरी (आरएनएस)। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में शनिवार को लीगल एक्सपर्ट कान्क्लेव का आयोजन किया गया। जिसमें देश के जाने-माने विधि विशेषज्ञों ने छात्रों को वर्तमान कानूनी कार्यप्रणाली, उभरती पेशेवर चुनौतियों और कानून के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। कान्क्लेव का उद्देश्य छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ते हुए कानून के विभिन्न आयामों से अवगत कराना रहा। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं सेवानिवृत जैग अधिकारी मेजर अभिषेक शर्मा ने छात्रों को अपने फैसलों के प्रति जिम्मेदार होने और चुने हुए अवसर में पूरी क्षमता और मेहनत लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में मेहनत करना ही सफलता की कुंजी है। सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट-आन-रिकार्ड अंकिता गौतम ने छात्रों से कहा कि सफलता का पैमाना केवल अंक नहीं हैं। निरंतर परिश्रम और सही समय पर किए गए प्रयास ही वास्तविक सफलता दिलाते हैं। उन्होंने केस स्टडीज़ पढऩे और आत्म-संदेह को पीछे छोड़कर वही कार्य करने की सलाह दी, जिसमें उत्साह और संतोष हो। आइएएफएल के फैलो और सीनियर एडवोकेट अनिल मल्होत्रा ने बताया कि कानून केवल अदालतों तक सीमित नहीं है। कार्पोरेट, इंजीनियरिंग और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी कानून से जुड़े व्यापक करियर अवसर मौजूद हैं।कान्क्लेव में मुकदमेबाजी, पंचाट, मध्यस्थता और नियामक प्रथाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। छात्रों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब के जरिए व्यवहारिक अनुभव भी साझा किए।कान्क्लेव का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के स्कूल आफ ला ने किया। कार्यक्रम में स्कूल आफ ला के हेड डा. विवेक गोयल, अधिवक्ता राधिका बिस्वजीत दुबे, यश पटेल, अदिति कर्रा, माधवम् शर्मा, डा. मान्या गोयल, अंकिता झखमोला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्तुति भंडारी ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

