छतरपुर,31 जनवरी (आरएनएस)। जिले के बकस्वाहा नगर परिषद में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। नगर परिषद की सीएमओ नेहा शर्मा एवं उपयंत्री शोभित मिश्रा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सागर ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम को की गई।
मामले की शिकायत बकस्वाहा निवासी हरिराम अहिरवार द्वारा ईओडब्ल्यू सागर में की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उन्हें नगर परिषद से पट्टा देने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुटीर स्वीकृत कराने के एवज में सीएमओ नेहा शर्मा द्वारा उपयंत्री शोभित मिश्रा के माध्यम से 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू सागर की टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। शुक्रवार शाम जैसे ही उपयंत्री शोभित मिश्रा ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम 30 हजार रुपये ली, उसी समय ईओडब्ल्यू की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद उपयंत्री शोभित मिश्रा ने बयान दिया कि उसने यह रकम सीएमओ नेहा शर्मा के कहने पर ली थी। इस खुलासे के आधार पर ईओडब्ल्यू की टीम ने सीएमओ नेहा शर्मा को भी आरोपी बनाया और दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बकस्वाहा नगर परिषद में सीएमओ नेहा शर्मा की यह पहली पोस्टिंग थी, और पहली ही पोस्टिंग में वह रिश्वत मामले में गिरफ्तार हो गईं, जिससे नगर परिषद सहित पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
शिकायत की जांच सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की गई। रिश्वत लेते उपयंत्री को रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामले में सीएमओ की संलिप्तता सामने आने पर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

