भोपाल,31 जनवरी (आरएनएस)।उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने, गणतंत्र दिवस के अवसर पर भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय परेड में राष्ट्रीय सेवा योजना (उच्च शिक्षा विभाग) के दल को गैर-सशस्त्र श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि मिलने पर, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के पदाधिकारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी है। उच्च शिक्षा मंत्री परमार को, राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य अधिकारी मनोज कुमार अग्निहोत्री ने यह ट्रॉफी सौंपी है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा रविंद्र भवन में आयोजित लोकरंग कार्यक्रम के दौरान, गणतंत्र दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय परेड में शामिल राष्ट्रीय सेवा योजना (उच्च शिक्षा विभाग) के दल को गैर-सशस्त्र श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के इस प्लाटून का नेतृत्व, एनएसएस बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के वॉलंटियर प्रियांशु बघेल ने किया। ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस का मोटो) ‘स्वयं से पहले आप (नॉट मी बट यू)’, जो देश सेवा एवं प्रजातांत्रिक समाज के निर्माण को दर्शाता है। राष्ट्रीय सेवा योजना नवाचारों के माध्यम से रक्तदान, बाल अधिकार, यूनिटी मार्च, हर घर तिरंगा, स्वच्छता जैसे राष्ट्र निर्माण के अभियानों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

