भोपाल,31 जनवरी (आरएनएस)।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को केंद्रीय जेल का निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर जेल निरूद्ध बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें कानूनी अधिकार यूटीआरसी, नि:शुल्क विधिक सहायता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल स्कीम के बारे में अवगत कराया। ऐसे विचाराधीन बंदी जिनके अधिवक्ता नहीं हैं या अधिवक्ता बदलना चाहते हैं या जमानत आवेदन प्रस्तुत करना चाहते हैं तथा दंडित बंदी जिनको अपील प्रस्तुत करनी है या सस्पेंशन आवेदन निरस्त हो चुका है, की जानकारी ली गई है और उन्हें उचित विधिक सहायता मुहैया कराने की कार्रवाई करने का आदेश दिया।
शिविर के दौरान बंदियों को गरीब बंदी सहायता योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जेल में श्रीवास्तव द्वारा भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था, बंदियों के रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और जानकारी ली गई। महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा – निर्देश दिये गये।
विधिक जागरूकता शिविर में जिला न्यायालय भोपाल से दीपक बंसल, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, आग्नीध द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सुनित अग्रवाल, न्यायाधीश / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रुति जैन, प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड, एम.एस. मरावी, अतिरिक्त अधीक्षक जेल एवं लीगल एड डिफेंस अधिवक्ता व जेल कर्मचारी उपस्थित रहे।

