बैतूल,31 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल भाजपा जिला कार्यालय में वीबी जी-रामजी योजना को लेकर जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस योजना को लेकर समाज में झूठ फैला रही है। इस योजना का नाम पहले नरेगा था, बाद में कांग्रेस ने बदलकर महात्मा गांधी नरेगा किया था। कांग्रेस इस योजना के अलावा भी कई और राष्ट्रीय योजनाओं के नामों में पहले बदलाव कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीबी जी-रामजी योजना के जरिए महात्मा गांधी जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीबी जी-रामजी योजना में पहले मजूरों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, अब 125 दिन रोजगार की गारंटी है। रोजगार नहीं मिलने की स्थिति में बेरोजगारों को भत्ता देने का भी नए कानून में प्रावधान किया गया है। कार्यशाला को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह एवं जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार ने भी संबोधित किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारत को स्वच्छ बनाने का सपना देखा था। आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी वर्षों तक केंद्र और राज्यों में सत्ता में रही, लेकिन स्वच्छता को लेकर कभी कोई कार्य नहीं किया। 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने सेवा के कार्यों के साथ देशभर में स्वच्छता की अलख जगाई। आज भारत में स्वच्छता जन अभियान बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के स्वच्छता के संकल्प को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर बताएं कि वीबी जी-राम जी योजना में मजदूरों के हितों को और सुरक्षित किया गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने खादी और स्वदेशी का नारा दिया था, लेकिन कांग्रेस ने आजादी के बाद विदेशी वस्तुओं को बढ़ावा दिया। कांग्रेस के दौर में विदेशी वस्तुएं लेकर चलने वाले सम्मान पाते थे। आज खादी और स्वदेशी को सम्मान मिला है। गांधीजी कहते थे कि भारत गांवों में बसता है। भारत को विकसित बनाना है तो सबसे पहले गांवों का विकास करना होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीबी जी-राम जी योजना के जरिए गांवों के समुचित विकास करेंगे। अब किसानों को कृषि के कार्यों के लिए भी सहजता से मजदूर उपलब्ध हो सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक महेन्द्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख, डॉ. योगेश पंडाग्रे, गंगा उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, पूर्व जिला अध्यक्ष बसंत बाबा माकोडे, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनय भावसार, पूर्व नपाध्यक्ष एवं बैंक के पूर्व संचालक अनिल सिंह ठाकुर मंचासीन रहे।

