तृणमूल सांसद का वादा, आनंदपुर अग्निकांड के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे
जगदीश यादव
कोलकाता 1 फरवरी (आरएनएस)। बंगाल में जनसभा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जहां बंगाल की ममता सरकार को निशाने पर लिया व तमाम आरोप लगाते हुए कहा कि, अब तृणमूल सरकार के जाने का समय आ गया है। वहीं तृणमूल के सांसद व पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अमित शाह के बातों का जहां पलट जवाब दिया वहीं उन्होंने भी भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। अभिषेक बनर्जी ने आज कहा कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देश का सबसे नाकाम गृह मंत्री हैं। तृणमूल सांसद ने उन पर आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने तथा राजनीतिक विरोधियों पर दोष मढऩे का आरोप भी लगाया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि शाह जैसे नेता एक पर्यटक के जैसे ही हैं, जो चुनाव के समय बंगाल में आते हैं, बड़े-बड़े वादे करते हैं और फिर सब भूल जाते हैं। वहीं बंगाल के कोलकाता स्थित आनंदपुर के दो गोदामों में हुए अग्निकांड को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों का कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस दुखद घटना पर राजनीति कर रही है। यदि इस मामले में कोई भी दोषी पाया गया, तो चाहे वह कितना भी बड़ा उद्योगपति क्यों न हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना है। किसी निजी गोदाम में क्या रखा गया है, इसकी निगरानी हर समय सरकार के लिए संभव नहीं होती। लेकिन घटना के बाद गोदाम मालिक और पास की मोमो कंपनी के दो जिम्मेदार मैनेजरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री के स्पेन दौरे को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी अभिषेक ने जवाबी वार करते हुए ने कहा- जिन कारोबारियों ने देश को हजारों करोड़ का चूना लगाकर विदेश भागने का रास्ता चुना, वे प्रधानमंत्री के साथ विदेश दौरों पर गए। लेकिन उन पर कोई सवाल नहीं उठता। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा लाशों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने गोवा के कैफे अग्निकांड और मध्य प्रदेश के इंदौर में जहरीला पानी पीने से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि उन मामलों में भी मोदी और शाह से सवाल पूछे जाने चाहिए। तृणमूल के सेकेण्ड इन कमान कहे जाने वाले अभिषेक बनर्जी ने कहा कि, क्या शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाजपा शासित गोवा में नाइट क्लब आग में हुई मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए? मध्य प्रदेश में दूषित पानी की समस्या के लिए किसे दोष देना चाहिए? राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में 140 से अधिक लोगों की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है? नोटबंदी के समय लंबी कतारों में खड़े होने के कारण हुई लोगों की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है? आज ही अमित शाह ने दावा किया है कि, भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़कर 45 प्रतिशत तक पहुंचेगा। इस पर अभिषेक बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2021 में भी भाजपा ने दो सौ से अधिक सीटें जीतने का दावा किया था। लोकसभा चुनाव से पहले भी बड़े-बड़े वादे किए गए थे। नतीजे सबके सामने हैं।
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2026 में बंगाल में सरकार बनाने के दावे पर पलटवार करते हुए याद दिलाया कि भाजपा ने पहले 2021 के विधानसभा चुनावों में 200 सीटें जीतने का वादा किया था। भ्रष्टाचार के आरोपों पर टिप्पणी करते हुए अभिषेक ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके बगल में बैठे नेता सबसे अधिक दागी हैं, और पार्टी के दावों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

