रुद्रपुर,01 फरवरी (आरएनएस)। छह कुमाऊं रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों ने रविवार को रेजीमेंट का 86 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस दौरान रेजीमेंट जवानों के शौर्य को याद कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। टनकपुर रोड स्थित एक निजी होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने कालिका माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम रेजीमेंट के बलिदानियों के शौर्य को याद कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कैप्टन पुष्कर सिंह सामंत ने रेजीमेंट के 1962 में चीन, 1965 व 1971 में पाकिस्तान युद्ध अनुभवों को साझा किया। सामंत ने कहा कि रेजीमेंट ने कई युद्धों में भाग लेते हुए जवानों ने वीरता दिखाई। जवानों की वीरता को देखते हुए रेजीमेंट को महावीर चक्र, वीर चक्र, विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल, कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिकों ने पलटन गीत छह कुमाऊं जंगी पलटन, नाम इसका न्यारा है, से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। पूर्व सैनिकों ने खोल दे माता खोल भवानी और बेडू पाको बारों मासा आदि गीतों पर जमकर थिरके। यहां कैप्टन गजेंद्र सिंह, दिवानी चंद, महेश जोशी, राजेंद्र सिंह, सूबेदार मेजर गोपाल सिंह, जगत सिंह, हवलदार आनन्द सिंह, मोहन चंद, नायक दीपक जोशी, मनोज सिंह आदि रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

