भोपाल 1 फरवरी (आरएनएस)। एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे की रेलिंग को तोड़ते हुए बाणगंगा के नाले में जा गिरी। घटना शनिवार देर रात गर्वनर हाउस से पॉलीटेक्निक की तरफ जाने वाली सड़क पर रवींद्र भवन के पास हुई है। कार रविवार को भी नाले में ही पड़ी रही।
मामले में सीमा विवाद के चलते अरेरा हिल्स और श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। घटना में सड़क किनारे लगी करीब 50 फीट रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे।
श्यामला हिल्स थाना प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू ने बताया कि कार में सवार युवकों को गंभीर चोट नहीं थी। हादसा देर रात हुआ था। क्रेन ने कार को उठाने का प्रयास किया लेकिन अधिक गहराई में होने के कारण कार को बाहर नहीं निकाला जा सका। हालांकि घटना स्थिल अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र का है।
अरेरा हिल्स थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि मामूली एक्सीडेंट हुआ था। थाने में किसी ने शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई हैं। पहले उन्होंने घटना स्थिल अपने थाना क्षेत्र का होने से भी इनकार कर दिया था। तस्दीक के बाद घटना स्थिल उन्हीं के थाना क्षेत्र का होने की पुष्टि की।

