भोपाल 1 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में एक ब्यूटी पार्लर के अंदर जुआ खेला जा रहा था। जुआ कोई और नहीं बल्कि सोलह श्रृंगार के बहाने से पहुंची महिलाएं खेल रही थी। पुलिस ने छापामार कर 9 महिलाओं को मौके से गिरफ्तार किया है।
दरअसल, बैरागढ़ पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि थाना क्षेत्र में संचालित महक ब्यूटी पार्लर में मेकअप की आड़ लेकर कुछ महिलाएं जुआ खेल रही हैं। सूचना पर पुलिस ने महक ब्यूटी पार्लर में छापा मारा। इस दौरान हार-जीत का दांव लगाते हुए 9 महिलाओं को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं के नाम भावना, निशा, कविता, कनक, खुशबू, रितु, मुस्कान, शोभा और महक बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 18 हजार 400 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिलाएं इससे पहले कहां-कहां जुआ खेलती थीं और इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं। बैरागढ़ थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया की मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर स्टाफ द्वारा कार्रवाई की गई है। जुआ खेलने वाली महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। यह भी जांच की जा रही है कि ये लोग पहले और कहां जुआ खेलते थे। इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से संत नगर बैरागढ़ में हड़कंप मच गया। जैसे-जैसे लोगों को यह पता चला कि एक ब्यूटी पार्लर में महिलाएं जुआ खेलते हुए पकड़ी गई, तो चर्चा का बाजार गर्म हो गया। वहीं कई लोग पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ करते हुए भी नजर आए।

