खंडवा 1 फरवरी (आरएनएस)। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के बिहार गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गांव की महिलाएं अवैध शराब बनाने वाले एक व्यक्ति को चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में दौड़ाती और जुलूस निकालती हुई नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि यह जुलूस गांव में शराब पीने और बेचने वालों के खिलाफ महिलाओं के आक्रोश का प्रतीक है। जुलूस में शामिल महिलाएं वही हैं, जिन्होंने पहले भी कई बार जनसुनवाई में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें की थीं, लेकिन आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाएं बेहद परेशान थीं।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में खुलेआम शराब बनाई और बेची जा रही थी, जिससे परिवारों का माहौल खराब हो रहा था। जब प्रशासनिक स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई, तो महिलाओं ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने की जानकारी मिलने पर महिलाओं ने यह कदम उठाया।
महिलाओं का कहना है कि यह विरोध-प्रदर्शन प्रशासन को जगाने के लिए आखिरी प्रयास था। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है और अब सभी की नजरें प्रशासन और आबकारी विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

