भोपाल 1 फरवरी (आरएनएस)।सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारतञ्च2047Ó के लक्ष्य को मजबूती देने वाला, परिपूर्ण और नए आयाम स्थापित करने वाला है। यह बजट आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के संकल्प के साथ देश के हर वर्ग के कल्याण, संरक्षण और सर्वांगीण विकास की स्पष्ट दिशा देता है।
मंत्री सारंग ने कहा कि केंद्रीय बजट 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और विश्वास का सशक्त प्रतिबिंब है। यह बजट सुधारों की निरंतर यात्रा को और अधिक मजबूत करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक स्पष्ट और ठोस रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि फिस्कल डेफिसिट में कमी, महंगाई पर नियंत्रण और हाई कैपेक्स के माध्यम से हाई ग्रोथ इस बजट की प्रमुख विशेषताएँ हैं।
मंत्री सारंग ने कहा कि इस बजट में कृषि, अधोसंरचना, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों को सशक्त बनाने का ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। इससे न केवल आर्थिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया यह बजट देश को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। समावेशी विकास की सोच के साथ यह बजट आने वाले वर्षों में विकास और कल्याण के नए मानक स्थापित करेगा।
खेल क्षेत्र पर बजट के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि खेल क्षेत्र रोजगार, कौशल विकास और रोजगार के अनेक अवसर प्रदान करता है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से शुरू किए गए खेल प्रतिभाओं के व्यवस्थित पोषण को आगे बढ़ाते हुए, अगले दशक में खेल क्षेत्र को रूपांतरित करने के उद्देश्य से खेलो इंडिया मिशन को नई गति मिलेगी।

