भोपाल 3 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी के वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार बाइक चलाकर स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन दौड़ाने वाले बाइक सवारों ने सोमवार देर रात लोगों में दहशत फैला दी। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में डालते हुए स्टंट कर रहे राइडर्स को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया। सूबेदार जितेंद्र अटेरिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपियों को पकड़कर तलैया थाने के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस को वीआईपी रोड पर एक बाइक संदिग्ध हालत में खड़ी नजर आई। कुछ ही देर बाद वही बाइक तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती दिखाई दी। बाइक सवारों ने अचानक स्पीड बढ़ाकर लापरवाही से वाहन चलाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। कभी तेज रफ्तार तो कभी अचानक ब्रेक लगाकर बाइक को घुमाना, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई थी। कई वाहन चालकों ने किनारे रुककर खुद को सुरक्षित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीछा किया और आरोपियों को करोंद इलाके से पकड़ लिया। सूबेदार जितेंद्र अटेरिया के नेतृत्व में टीम ने दोनों राइडर्स को हिरासत में लेकर तलैया थाने पहुंचाया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शहर में स्टंटबाजी और रेसिंग करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

