भोपाल 3 फरवरी (आरएनएस)। भोपाल जिला कोर्ट परिसर में वकीलों ने 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म-ब्लैकमेलिंग के आरोपी को पीट दिया। कोहेफिजा पुलिस सोमवार को आरोपी ओसाफ अली खान को कोर्ट में पेश करने लेकर आई थी। इस बीच वहां मौजूद वकीलों की भीड़ ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। इसके वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो 2 फरवरी का बताया जा रहा है।
आरोपी को देखते ही वकीलों का गुस्सा भड़का प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी को देखते ही वकीलों का गुस्सा भड़क उठा। कुछ वकीलों ने आरोपी को पुलिस से छुड़ाने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट की।
कोर्ट परिसर में शोर-शराबा और धक्का-मुक्की के चलते कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने बल प्रयोग कर किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाया और सुरक्षित बाहर निकाला।
मामला तब सामने आया जब शाहपुरा स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढऩे वाली 11वीं की छात्रा ने परिवार के साथ कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोहेफिजा थाना टीआई कृष्ण गोपाल शुक्ला के अनुसार, आरोपी ओसाफ अक्सर छात्रा की सहेली से मिलने स्कूल के आसपास आता था। इसी सहेली के माध्यम से उसकी पहचान पीडि़ता से हुई।
पिछले साल जुलाई में आरोपी ने छात्रा को भोपाल घुमाने के बहाने बुलाया और खानूगांव के सुनसान इलाके में ले जाकर कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने शादी का झांसा देकर पीडि़ता को चुप करा दिया था। इसके बाद उसके आपत्तिजनक वीडियो वायरल की धमकी देकर एक लाख रुपए भी मांगने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

