चंडीगढ़ ,04 फरवरी (आरएनएस)। पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने विपक्षी सांसद दल के नेता राहुल गांधी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस पार्टी के साथ गद्दारी की है, वह सही मायने में पार्टी के गद्दार हैं और राहुल ने सही नाम से पुकारा है। परगट ने चेताया कि भारतीय जनता पार्टी और उनके नेता अपनी सांप्रदायिकता वाली राजनीति से बाज आएं और इसे धार्मिक रंगत देने की कोशिश न करें। यह किसी भी तरह से सिख समुदाय का अपमान नहीं है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने ‘मेरा गद्दार दोस्तÓ बिट्टू के लिए इसलिए इस्तेमाल किया, क्योंकि बिट्टू ने मुश्किल समय में पार्टी का साथ अपने निजी स्वार्थों के लिए छोड़ दिया था। जबकि कांग्रेस ने बिट्टू को तीन बार सांसद बनाया। उनके दादा स्वर्गीय बेअंत सिंह को ही गांधी परिवार ने पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया और पार्टी में उच्च स्थान तक पहुंचाया। परगट ने कहा कि बिट्टू ने स्वर्गीय बेअंत सिंह की कुर्बानी को भी धक्का लगाया है।
00


















