भोपाल 4 फरवरी (आरएनएस)। बिलखिरिया इलाके में रहने वाले एक अधेड़ ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मंगलवार दोपहर को मां की तेरहवीं का कार्यक्रम था। इसके समाप्त होने के बाद रात को उन्होंने जान दे दी। इसी के साथ उनकी बेटी ने भी कुछ समय पहले परिजनों की मर्जी के बगैर लव मैरिज कर ली। जिसकी वजह से वह तनाव में चल रहे थे। पुलिस का मानना है कि इन्हीं कारणों के चलते अधेड़ ने सुसाइड किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बिलखिरिया थाना क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय दशरथ प्रायवेट ड्रायवरी करता था। पिछले दिनों उसकी माताजी का निधन हो गया था। दशरथ को लगता था कि उसकी बेटी द्वारा कुटुम्ब के लड़के से ही शादी कर लेने के सदमे से ही मां का निधन हुआ है। मंगलवार को तेरहवीं कार्यक्रम था। दिन में ब्राह्मणों को भोज कराने के बाद रात में उन्होंने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा पंचनामा बनाकर कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब तीन महीने पहले उनकी बेटी ने अपने रिश्ते के भाई से शादी कर ली थी।
शादी से पहले परिजनों और रिश्तेदारों ने बेटी को काफी समझाईश दी थी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और मर्जी से शादी कर ली। उसके बाद से पिता तनाव में थे। अनुमान है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने फांसी लगाई होगी। बुधवार दोपहर को पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

