दतिया 3 फरवरी (आरएनएस)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड दतिया द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत विगत दिवस विकासखंड सेवढ़ा के ग्राम नहला में जल अर्पण दिवस स्वाभिमान का उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी के साथ जल संरक्षण एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के अंतर्गत जल वंदना की गई, जिसमें सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता हेतु स्थापित नलों को विधिवत सजाकर ग्रामीण महिलाओं, सरपंच, उपसरपंच एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पूजन एवं भजन-कीर्तन किया गया। इसके साथ ही जल श्रृंगार गतिविधि के तहत विद्यालय की बालिकाओं एवं ग्रामीण महिलाओं द्वारा कार्यक्रम स्थल को सजाया गया तथा विभिन्न आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।
कार्यक्रम में जल संकल्प एवं शपथ भी दिलाई गई, जिसमें ग्रामीणों को जल के संरक्षण, उचित प्रबंधन एवं जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। जल सुरक्षा को जीवन सुरक्षा से जोड़ते हुए ग्रामीणों को जल बचाने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा गांव में स्कूल रैली एवं कलश यात्रा निकाली गई। रैली में ग्राम के सरपंच, उपसरपंच, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, पंप ऑपरेटर, विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। रैली के माध्यम से नल जल योजना एवं जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच, उपसरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा ग्राम को हर घर जल ग्राम घोषित करते हुए इसका प्रमाणीकरण भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि सरपंच रवि पटेल, उपसरपंच उषा राजक के साथ पंचायत सचिव चंद्रशेखर साहू, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, पंच, पंप ऑपरेटर जाहिद खान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, ग्रामीणजन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से सहायक यंत्री आर.आर. उराड़े, जिला समन्वयक अजय कुमार सविता, हेमचंद पटेल (पी.एम.यू.) एवं वंदना शर्मा (पी.एम.यू.) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामवाासी उपस्थित रहे।


















