10 फरवरी से बहादुरपुर और उरुआ ब्लॉकों में खिलाई जाएगी फाइलेरिया से बचाव की दवा, सीएमओ सभागार में आयोजित हुई मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला
प्रयागराज,07 फरवरी (आरएनएस)। जनपद प्रयागराज तेजी से फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नतीजन इस बार राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 10 से 28 फरवरी तक केवल बहादुरपुर और उरुआ ब्लॉकों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 87 सुपरवाइजर व 516 स्वास्थ्य टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर अपने सामने लगभग 6.44 लाख लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगी।
सीएमओ सभागार में आयोजित मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला में यह बातें सीएमओ डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने कही। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से लगातार चले अभियानों के कारण अब अधिकांश ब्लॉक संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। हाल में हुए नाइट ब्लड सर्वे में जनपद के 21 ब्लॉकों में से केवल बहादुरपुर और उरुआ में ही सूक्ष्म कृमियों की दर अधिक पाई गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास, सूचना समेत अन्य विभागों को भी जोड़ा गया है। अभियान की शुरुआत ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधि स्वयं दवा सेवन कर करेंगे। दवा खाली पेट नहीं लेनी है और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर रोगियों को छोड़कर सभी को इसका सेवन करना है। सीएमओ ने मीडिया से अपील की कि अभियान की जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित करें, ताकि शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।
इस मौके पर डबल्यूएचओ, पाथ, पीसीआई व सीफार के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मचारी व मीडिया साथी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

