कूचबिहार,07 फरवरी (आरएनएस)। जिले के घुघुमारी स्थित अल अमीन मिशन से रहस्यमय तरीके से लापता हुए दो छात्रों को वापस लाने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है। एक सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय पुलिस टीम विमान से मुंबई रवाना हुई है। इस टीम के साथ मिशन के प्रधान शिक्षक और लापता छात्र के परिजन भी मौजूद है।हालांकि, मुंबई पहुंचने में देरी होने के कारण और अदालत बंद रहने से शनिवार को दोनों छात्रों को पुलिस अपनी हिरासत में नहीं ले सकी है। अब सोमवार तक इंतजार करना पड़ेगा।
कूचबिहार कोतवाली थाना सूत्रों के अनुसार, गुरुवार दोपहर दोनों छात्रों को मुंबई से पहले मानसर स्टेशन के पास से बरामद किया गया। दोनों छात्र लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के एस-2 आरक्षित कोच में यात्रा कर रहे थे। उनकी गतिविधियों पर शक होने पर कोच में मौजूद कुछ यात्रियों ने उनसे बातचीत की। इसी दौरान एक यात्री ने एक छात्र से उसके पिता का मोबाइल नंबर लिया और फोन कर पूरी जानकारी दी। छात्र के पिता से संपर्क होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित यात्री से संपर्क कर छात्रों पर नजर रखने का अनुरोध किया और रेलवे अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी। जिसके बाद रेलवे के मुंबई कंट्रोल रूम को दोनों छात्रों की तस्वीरें भेजी गई। आपसी समन्वय के बाद मुंबई से पहले मानसर इलाके से रेलवे पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे का आधार कार्ड, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र और ऑथराइजेशन लेटर पुलिस को सौंप दिए गए है। मुंबई पहुंचे एक छात्र के परिजन ने बताया कि शनिवार और रविवार को कोर्ट बंद रहने के कारण सोमवार से पहले बच्चों को परिवार को सौंपा नहीं जा सकता है। फिलहाल सभी को इंतजार करना होगा।


















