कोलकाता,07 फरवरी (आरएनएस)। राज्य संचालित आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में पूर्व डिप्टी सुपरिंटेंडेंट अख्तर अली सोमवार को विशेष सीबीआई अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। उनके खिलाफ एक दिन पहले ही विशेष अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अख्तर अली आज हावड़ा के एक अस्पताल से कोलकाता की अदालत पहुंचे, जहां उन्होंने दावा किया कि वे उपचाराधीन थे। हालांकि, दोपहर 12:30 बजे तक अदालती कार्यवाही समाप्त होने के कारण वे औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण नहीं कर सके। अदालत ने उन्हें सोमवार को दोबारा पेश होने का निर्देश दिया है। अदालत परिसर में प्रवेश करते समय अख्तर अली ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि जिस धनराशि को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह उन्होंने अपने दादा के इलाज के लिए उधार ली थी। उन्होंने कहा कि मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। बाद में अख्तर अली ने बताया कि वे बिना वकील के अदालत पहुंचे थे और बीमारी के कारण पूर्व सूचना भी नहीं दे सके। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि अदालत की कार्यवाही जल्दी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मैं अदालत आया था, लेकिन दुर्भाग्यवश समय पर आत्मसमर्पण नहीं हो सका। अदालत ने मुझे सोमवार को आत्मसमर्पण करने को कहा है और मैं उसका पालन करूंगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यकता पडऩे पर वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। विशेष सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को अख्तर अली के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में अख्तर अली शुरुआती दौर में व्हिसल-ब्लोअर के रूप में सामने आए थे। उन्होंने आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज में कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं को उजागर किया था। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट के पद पर रहते हुए अख्तर अली ने तत्कालीन प्राचार्य संदीप घोष पर वित्तीय गड़बडिय़ों में संलिप्तता का आरोप लगाया था। उनकी याचिका पर कलकत्ता उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने भी मामले में समानांतर जांच शुरू की थी। यह मामला अगस्त 2024 में आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज परिसर में एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद और अधिक चर्चा में आया था, जिसके बाद संस्थान की कार्यप्रणाली पर व्यापक सवाल खड़े हुए थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















