रुड़की,08 फरवरी (आरएनएस)। रुड़की में रविवार को लंबे शटडाउन ने शहर के 20 हजारों उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। बिजली गुल रहने से न सिर्फ दैनिक कामकाज प्रभावित हुआ, बल्कि मोटर न चलने के कारण कई इलाकों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया, जिससे लोगों को दिनभर परेशान होना पड़ा। ऊर्जा निगम ने रविवार को आगामी गर्मियों को देखते हुए शहर में बिजली की लाइनों की मरम्मत का काम किया गया। इसके चलते करीब आठ घंटे शहर के चार प्रमुख फीडर बंद रखे गए। बदले मौसम के चलते फरवरी के पहले सप्ताह में ही लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। गर्मी में सबसे अहम चीज बिजली होती है। ऐसे में गर्मियों में उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न उठानी पड़े, इसे लेकर ऊर्जा निगम की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसके तहत रविवार को शटडाउन लेकर निगम ने नगर में जगह-जगह बिजली की लाइनों की मरम्मत करने और लाइनों पर आ रही पेड़ की टहनियों की लोपिंग-चोपिंग का काम किया। इसके लिए विभाग ने नगर के चार फीडर डिवीजन फीडर, जादूगर फीडर, मूलदासपुर फीडर और पीटीडब्लू फीडर बंद रखे। इससे इन फीडरों से जुड़े नगर विगम, सिंचाई वर्कशॉप, विशाल मेगा वाट, हरिद्वार रोड, प्रेम मंदिर रोड, 16 सिविल लाइंस, अग्रवाल मार्केट, मूलदासपुर माजरा, बढेढी राजपुताना, दौलतपुर, शांतरशाह, बहादरपुर सैनी आदि इलाकों में सप्लाई प्रभावित हुई। इन इलाकों में सुबह दस बजे बिजली बंद कर दी गई थी, लेकिन अधिकतर लोगों को शटडाउन की जानकारी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने पानी आदि की कोई व्यवस्था नहीं की थी। इससे उनके सामने पानी का संकट भी गहरा गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

