देहरादून,08 फरवरी (आरएनएस)। दो नागा रेजिमेंट के स्थापना दिवस पर रविवार को गोर्खाली सुधार सभा में पलटन की शौर्य गाथा दोहराई गई। इस मौके पर वीर नारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में पूर्व सैनिक और उनके परिवारों ने सांस्कृतिक और अन्य गीतों पर प्रस्तुति दी। पूर्व सैनिकों ने समापन पर साथ में सामूहिक भोज का आनंद लिया। गढ़ी कैंट स्थित गोरखाली सभा सुधार केंद्र में समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर दिनेश कुमार बडोला (से.नि.) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। जिसने वहां मौजूद सभी पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर बताया कि 2 नागा रेजिमेंट का इतिहास वीरता और बलिदान की कहानियों से भरा हुआ है। रेजिमेंट को बैटल ऑनर कारगिल और थिएटर ऑनर ऑपरेशन विजय जैसे सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा रेजिमेंट को केरण सेक्टर (जम्मू कश्मीर) और कारगिल युद्ध में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दो बार सीएओएस यूनिट साइटेशन मिला है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल रेजिमेंट को सिल्वर साल्वर से सम्मानित कर चुके हैं। एक महावीर चक्र, दो वीर चक्र, एक युद्ध सेवा मेडल, 11 सेना मेडल वीरता में चार चांद लगाते हैं। इस अवसर पर कर्नल शौर्य राणा, सूबेदार मेजर जीवन लाल, महासचिव कैप्टन केबी गुरुंग, कैप्टन महादेव भट्ट, सूबेदार दामोदर कांडपाल, सूबेदार शेर बहादुर शामिल रहे।

