सोहावल-अयोध्या 8 फरवरी (आरएनएस)। विधानसभा क्षेत्र बीकापुर में सोहावल की ग्राम पंचायत पंडितपुर में स्थिति रमणक विद्यालय स्थल पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर लगभग 97 जोड़े ने शादी रचाई और एक दूजे के हो गए। नवविवाहित जोड़ों को बीकापुर विधायक डाक्टर अमित सिंह चौहान के साथ कई नेताओं और गणमान्य लोगों ने आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर बोलते हुए विधायक ने कहा भाजपा के डबल इंजन की सरकार द्वारा संचालित यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहारा देती है। बल्कि उनके आत्म सम्मान को भी सशक्त करती है। बेटियां देश की शान हैं और भाजपा सरकार इनको पूरा सम्मान दे रही है। ऐसी योजनाएं यह प्रमाणित करती हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सिर्फ नीतियाँ नहीं बनाती बल्कि जनता के सुख-दु:ख की सहभागी बनकर उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। सभी जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित एक लाख रुपए की धन राशि में लगभग 30000 रुपये का सामान भी दिया गया। शेष नगद राशि खाते में स्थानांतरित की जायेगी। मौजूद अन्य लोगों में खण्ड विकास अधिकारी अनुपम वर्मा, समाज कल्याण अधिकारी रण विजय सिंह,भाजपा नेताओं में कृष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू , अरुण तिवारी, मालेन्द्र तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष, कई ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और विवाहित जोड़े एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

