नई दिल्ली ,08 फरवरी (आरएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर चल रहे विवाद और इसके फ्रेमवर्क पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। सरकार पर लग रहे आरोपों का जवाब देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को झुकने नहीं दिया और न ही किसानों के हितों पर कोई आंच आने दी। उन्होंने विरोधियों को जवाब देते हुए साफ किया कि इस समझौते में भारतीय खेती और किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रोडक्ट को शामिल नहीं किया गया है और संवेदनशील कृषि उत्पादों को इस डील से पूरी तरह बाहर रखा गया है।
दूध, घी, अनाज और फलों पर कोई समझौता नहीं
शिवराज सिंह चौहान ने डील की बारीकियों को समझाते हुए बताया कि हमारी मुख्य फसलों, फलों और डेयरी सेक्टर के लिए अमेरिका के लिए कोई दरवाजा नहीं खोला गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि सोयाबीन, मक्का, चावल, गेहूं, चीनी, अनाज, पोल्ट्री, केले, स्ट्रॉबेरी, चेरी, खट्टे फल, हरी मटर, काबुली चना, मूंग, तिलहन, इथेनॉल और तंबाकू जैसे उत्पादों पर अमेरिका को कोई टैरिफ छूट नहीं दी गई है। डेयरी सेक्टर को लेकर चल रही चिंताओं पर विराम लगाते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि कोई भी लिक्विड दूध, पाउडर, क्रीम, दही, छाछ, मक्खन, घी, बटर ऑयल, पनीर या चीज़ भारत में इंपोर्ट नहीं किया जाएगा। यानी भारतीय बाजार में अमेरिकी कृषि उत्पादों को एंट्री नहीं मिली है।
अमेरिका ने भारतीय सामान पर घटाया टैरिफ
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह डील एकतरफा नहीं है बल्कि इससे भारतीय किसानों को बड़ा फायदा होने वाला है। उन्होंने जानकारी दी कि अमेरिका ने कई भारतीय एग्रीकल्चर प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 50 फीसद से घटाकर शून्य (0) कर दिया है। इससे भारतीय उत्पादों के लिए अमेरिकी बाजार खुल गया है। उन्होंने दावा किया कि भारत से कई कृषि उत्पाद अब जीरो ड्यूटी पर अमेरिका को एक्सपोर्ट किए जाएंगे। इसके नतीजे दिखने शुरू हो गए हैं, हमारे मसालों का एक्सपोर्ट 88 फीसद बढ़ गया है और हमने दुनिया भर के 200 देशों को मसाले निर्यात किए हैं।
टेक्सटाइल और महिला समूहों को भी फायदा
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि टेक्सटाइल क्षेत्र में भी हमारा टैरिफ हमारे कॉम्पिटिटर देशों की तुलना में काफी कम रखा गया है, जिससे भारतीय कपड़ा उद्योग को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, इस एग्रीमेंट का सकारात्मक असर सेल्फ-हेल्प ग्रुप (स्॥त्र) की महिलाओं की जिंदगी पर भी पड़ेगा। उन्होंने अपने विस्तृत बयान में सरकार पर लग रहे सभी आरोपों को खारिज करते हुए दोहराया कि मोदी सरकार ने हर कदम पर किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

