रुड़की,09 फरवरी (आरएनएस)। रुड़की सिविल अस्पताल में डॉग बाइट के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में कुत्तों के काटने से पीडि़त 108 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें से 40 लोग ऐसे थे, जिन्हें सोमवार को ही लावारिस कुत्तों ने काट लिया था, जबकि शेष मरीज दूसरी और तीसरी डोज लगवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। मरीजों की बढ़ती संख्या से अस्पताल में दिनभर भीड़ बनी रही। रुड़की व आसपास पिछले कुछ समय से डॉग बाइट के मामले प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। खासकर रिहायशी इलाकों, बाजारों और स्कूलों के आसपास लावारिस कुत्तों की संख्या बढऩे से खतरा अधिक हो गया है। सुबह और शाम के समय लोग ज्यादा शिकार बन रहे हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है। सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में डॉग बाइट के शिकार सभी मरीजों को नियमानुसार एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है। जिन मरीजों को कुत्तों ने गंभीर रूप से काटा है या घाव ज्यादा गहरे हैं, उन्हें रेबीज से बचाव के लिए सीरम भी दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने वैक्सीन और सीरम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है, ताकि किसी भी मरीज को परेशानी न हो। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने की स्थिति में घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से धोएं और बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

