रुड़की,09 फरवरी (आरएनएस)। रामनगर स्थित नए 33/11 केवी कंट्रोल रूम के सोमवार को ट्रायल के दौरान औद्योगिक और रामपुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रही। इस वजह से करीब 11 हजार लोगों को कई घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा और औद्योगिक इकाइयों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। बिजली कटौती के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे उद्योगों, दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं को हुई। कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई, वहीं गर्मी और उमस के चलते लोग खासे परेशान नजर आए। उपभोक्ताओं का कहना था कि यदि पूर्व सूचना दी जाती तो परेशानी कुछ कम हो सकती थी। सकर कंप्यूटर आधारित कार्य करने वाले कार्यालयों और कारीगरों को नुकसान उठाना पड़ा। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार यह ट्रायल भविष्य में बेहतर और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया। ऊर्जा निगम के एसडीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले रामनगर बिजलीघर में एक कंट्रोल रूम तैयार किया गया था, जिसका ट्रायल लिया गया जो पूरी तरह सफल रहा। नए कंट्रोल रूम के ट्रायल के चलते कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति रोकी गई थी। एसडीओ ने उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि आने वाले समय में इस नई व्यवस्था से बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू और सुरक्षित होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

