रुड़की,09 फरवरी (आरएनएस)। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में चार से छह फरवरी तक आयोजित खेल महाकुंभ में पेंचैक सिलाट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटे रुड़की के खिलाडिय़ों का सोमवार को जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने खिलाडिय़ों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार टीम कोच शिशंक सैनी ने बताया कि रुड़की से वॉरियर्स अकादमी के नौ खिलाडिय़ों में से छह ने पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया, जबकि तीन खिलाडिय़ों को भागीदारी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पदक विजेताओं में शैलविया शर्मा और रुद्र कुमार ने कांस्य पदक, जबकि वेदांत सुयाल, जयंत चौधरी, अभिनव चौधरी और वंश सैनी ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा इस्तांक धीमान, उत्सव प्रजापति और मयंक तोमर को भागीदारी प्रमाण पत्र मिले। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि रुड़की के खिलाडिय़ों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप ने कहा कि इन खिलाडिय़ों की मेहनत और लगन युवाओं के लिए प्रेरणा है। खिलाडिय़ों के स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कश्यप, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश कौशिक, पार्षद आकाश जैन, नवीन जैन, सौरभ सिंघल, सत्येंद्र गोयल, कमल सैनी और अमर गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

