बाराबंकी 10 Feb, (Rns) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कयामत की कामना करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि न तो कोई कयामत आने वाली है और न ही बाबरी ढांचे का निर्माण कभी होगा। उन्होंने कहा कि रामलला का मंदिर वहीं बना है और वही स्थायी रहेगा, इसके पुनर्निर्माण का सपना देखने वालों का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में रहना है तो कायदे से रहना सीखना होगा। कानून मानने वाले सुरक्षित और फायदे में रहेंगे, जबकि कानून तोड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं करेगी।
सीएम योगी ने प्रदेश की पूर्व स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले हालात ऐसे थे कि हर चौथे दिन शहरों में कर्फ्यू लगाना पड़ता था और पर्व-त्योहार शांति से नहीं मनाए जा सकते थे। लेकिन अब प्रदेश में अराजकता समाप्त हो चुकी है और विकास की नई गति दिखाई दे रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टिकैतनगर के दुल्हदेपुर कुटी में आयोजित दशम श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्रीरामार्चा पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यज्ञ मंडप में आहुति दी। कार्यक्रम में संत बलराम दास ने उन्हें मखाने और लावा की माला पहनाकर सम्मानित किया।


















