सिलीगुड़ी/कोलकाता 10 फरवरी (आरएनएस)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने बागडोगरा एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साढ़े चार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हीरे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान दिल्ली निवासी दीपक सुखलाल मेहता के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने सोमवार आरोपित को बागडोगरा एयरपोर्ट के बाहर संदेह के आधार पर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से 808.35 कैरेट (161.66 ग्राम) हीरे बरामद हुए। जिनकी बाजार कीमत 4.5 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जिसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी डीआरआई शाखा लाया गया। जहां आरोपित से गहन पूछताछ की गई। डीआरआई अधिवक्ता रतन बनिक ने बताया कि आज आरोपित के खिलाफ कस्टम एक्ट की धारा 104 और 135 के तहत मामला दर्ज कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है। हीरा नेपाल से सड़क के रास्ते सिलीगुड़ी लाया गया था। इस कीमती हीरे को बागडोगरा से हवाई जहाज से दिल्ली लाया जा रहा था। डीआरआई के वकील रतन बनिक ने कहा, “कुल 808.33 कैरेट या 161.66 ग्राम हीरे बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 24 फरवरी तक जेल कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। इस घटना में कोई और शामिल है या नहीं और इस हीरे की स्मगलिंग की योजना किसने और कहां बनाई थी, इसकी जांच की जा रही है।


















