हावड़ा 10 फरवरी (आरएनएस)। हावड़ा नगर निगम भवन के पास सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हावड़ा ट्रेड सेंटर की बहुमंजिला इमारत से लगभग 12 फीट लंबी लोहे की रॉड नीचे गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हावड़ा के मंगला हाट इलाके में काम के सिलसिले में आए दो मजदूर हावड़ा नगर निगम के सामने पाचला बाजार के पास हावड़ा ट्रेड सेंटर के नीचे खड़े थे। उसी समय कोलकाता के तिलजला इलाके के एक व्यवसायी भी वहां मौजूद थे। तभी अचानक ट्रेड सेंटर की 11वीं मंजिल से एक भारी लोहे की रॉड नीचे गिर गई, जो सीधे दो लोगों के सिर पर आकर लगी। दोनों सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। घायलों को तुरंत हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तिलजला निवासी व्यवसायी इरफानुल हक और एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि हावड़ा ट्रेड सेंटर की 11वीं मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। उसी दौरान लापरवाही के कारण लोहे की रॉड नीचे गिर गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर आकाश मगहरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ और इसमें किसकी लापरवाही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, हावड़ा ट्रेड सेंटर में काम कर रही निर्माण एजेंसी ने हादसे की जिम्मेदारी एक अन्य ठेकेदार कंपनी पर डाल दी है। निर्माण एजेंसी का कहना है कि काम एक ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था और यह जांच की जाएगी कि व्यस्त इलाके में निर्माण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाए गए थे या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना को लेकर इलाके में तनाव है।


















