राजनांदगांव, 11 फरवरी (आरएनएस)। राजनांदगांव जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में डीएसपी एवं थाना-चौकी प्रभारियों की व्यापक समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रशासनिक अनुशासन, रिकॉर्ड संधारण, लंबित मामलों के निराकरण, यातायात सुधार और आगामी पर्वों को लेकर सुरक्षा तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर सख्त निर्देश जारी किए गए।
आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिर परिसरों, मेलास्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, सतत पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। थाना स्तर पर दैनिक रजिस्टरों के अद्यतन, दस्तावेजों के सही रख-रखाव और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। रिकॉर्ड प्रबंधन में लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। नवंबर से जनवरी तक के बाउंड ओवर मामलों की समीक्षा कर आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। गंभीर अपराधों के शीघ्र खुलासे, लंबित समन व वारंटों की त्वरित तामिली और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2024, 2025 और 2026 की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा कर समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर बल दिया गया। एफआईआर पंजीयन, केस डायरी लेखन और अभिलेख संधारण की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश जारी हुए। थाना भवन, मालखाना, रिकॉर्ड रूम और परिसर की साफ-सफाई व भौतिक स्थिति बेहतर रखने के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सतत अभियान चलाने को कहा गया। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे और शादी भवनों के शोर नियंत्रण पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस बल को साइबर अपराधों से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण, हृ्रञ्जत्रक्रढ्ढष्ठ प्रणाली के उपयोग, थाना कार्यप्रणाली वर्कशॉप, थाना प्रभारियों के लिए सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण तथा तनाव प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से और अधिक सक्षम बनाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, अलेक्जेंडर किरो, उप पुलिस अधीक्षक मंजुलता बाज़, केशरी नंदन नायक सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















