रायपुर, 11 फरवरी (आरएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल ज़ोन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशे की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर नशा सेवन और सुनसान इलाकों में अराजक गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर एक साथ व्यापक कार्रवाई की गई। यह अभियान एसीपी कोतवाली डिवीजन के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया, जहां पुलिस ने मुखबिर सूचना और सघन निगरानी के आधार पर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।
4 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में ओसीएम चौक स्थित पीडब्ल्यू कार्यालय परिसर के पास दो युवकों को गांजा बिक्री करते हुए पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान ऋषभ तांडी उर्फ रिक्की (21) और सौरभ तांडी (22) निवासी नेहरू नगर, रायपुर के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से 4 किलो 85 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब ?41,000 आंकी गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी(ड्ढ) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन, दो गिरफ्तार
थाना गंज पुलिस ने अलग कार्रवाई में दो व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते हुए पकड़ा। आरोपियों के पास से करीब 10 ग्राम गांजा, चिलम और अन्य सामग्री जब्त की गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
अराजक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अभियान के दौरान बीएसएसएस की धारा 170 के तहत 15 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इनमें कोतवाली, गोल बाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं। साथ ही एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि शहर में नशे की खरीद-बिक्री या सेवन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंधेरी गलियों, पार्किंग और सुनसान इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तुरंत दें। शहर को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
0


















