०छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज ने जताया आभार
रायपुर,11 फरवरी (आरएनएस)। रायपुर के भनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अजय केमिकल में हुए आग की घटना में जिला प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज ने कलेक्टर डॉ गौरव सिंह एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। गौरतलब ही कि 7 फरवरी 2026 को भीषण आग की घटना सामने आई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन दल, पुलिस एवं अन्य आवश्यक आपात संसाधनों को तत्काल मौके पर भेजा। समन्वित प्रयासों और प्रभावी नेतृत्व के चलते आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे संभावित बड़े औद्योगिक नुकसान को टाला जा सका।प्रशासन की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री शंकर बजाज ने कहा कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह औद्योगिक सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने कलेक्टर डॉ. सिंह एवं पूरी प्रशासनिक टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सक्रिय और उत्तरदायी नेतृत्व से उद्योग जगत में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।
०००


















